द लोकतंत्र/ रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को बेमेतरा जिले के नवागढ़ दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने विकास योजनाओं की बड़ी श्रृंखला का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 165 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से 44 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने 950 नए घरों की चाबियां हितग्राहियों को सौंपकर गृह प्रवेश करवाया, जिससे जिले के सैकड़ों परिवारों के चेहरे खुशियों से खिल उठे।
नवागढ़ को मिला विकास का बड़ा पैकेज
मुख्यमंत्री ने बेमेतरा जिले के लिए कई घोषणाएं कीं। सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार हेतु 40 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए, जबकि नवागढ़ की 10 ग्राम पंचायतों में सीसी रोड निर्माण के लिए प्रत्येक को 5-5 लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में निर्मित ‘अटल परिसर’ का लोकार्पण एवं उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। साथ ही जैतखाम परिसर में श्वेत ध्वज चढ़ाया गया और सतनाम मंदिर निर्माण (लागत 12 लाख रुपये) के लिए भूमिपूजन भी किया गया।
सरकार जनकल्याण के पथ पर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार संत शिरोमणि गुरु घासीदास के सत्य, अहिंसा और समानता के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार जनता और समाज के उत्थान के लिए कई क्रांतिकारी योजनाएं चला रही है।
सीएम साय ने कहा कि धान खरीदी योजना किसानों की आर्थिक मजबूती का माध्यम बन रही है, महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में बदलाव ला रही है और प्रधानमंत्री आवास योजना आम नागरिकों को पक्की छत उपलब्ध कराकर जीवन में स्थिरता दे रही है।
अटल बिहारी वाजपेयी को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने भावुक होकर कहा, अटल जी केवल नेता नहीं, विचार और संवेदना के प्रतीक थे। उनका जीवन राष्ट्रसेवा और सुशासन को समर्पित था। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में तेजी से काम करके छत्तीसगढ़ को अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य है।
कार्यक्रम गुरु घासीदास जयंती पर आयोजित
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि गिरौदपुरी में बना विश्व का सबसे ऊंचा जैतखाम वैश्विक आकर्षण का केंद्र बन चुका है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। कार्यक्रम गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था, जिसमें भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

