द लोकतंत्र/ ऑटो न्यूज़ : भारतीय बाजार में पिक-अप ट्रक सेगमेंट को नई मजबूती देते हुए Isuzu Motors India ने अपनी लोकप्रिय पिक-अप Isuzu V-Cross का 2026 मॉडल लॉन्च कर दिया है। इस बार कंपनी ने बड़ा रणनीतिक बदलाव करते हुए इसके 4×2 (टू-व्हील ड्राइव) वेरिएंट को बंद कर दिया है। अब V-Cross केवल 4×4 (फोर-व्हील ड्राइव) विकल्प में ही उपलब्ध होगी। भारत में इसका सीधा मुकाबला Toyota Hilux से माना जा रहा है।
नई V-Cross की एक्स-शोरूम कीमत 25.50 लाख रुपये से शुरू होकर 30.28 लाख रुपये तक जाती है। यह 4WD MT Z, 4WD MT Z Prestige और 4WD AT Z Prestige जैसे तीन वेरिएंट्स में उपलब्ध है।
एक्सटीरियर अपडेट और प्रीमियम केबिन फीचर्स
2026 मॉडल में बाहरी डिजाइन में हल्के लेकिन प्रभावशाली बदलाव किए गए हैं। फ्रंट ग्रिल और बंपर को नया रूप दिया गया है, जिसमें ब्लैक लोअर लिप जोड़ी गई है। बंपर पर क्लैडिंग पहले की तुलना में कम की गई है, जिससे लुक ज्यादा क्लीन और मॉडर्न दिखता है। कंपनी ने साइड बॉडी क्लैडिंग और व्हील आर्च पर प्लास्टिक एलिमेंट हटाकर इसे अधिक प्रीमियम अपील दी है। इसके साथ नए डिजाइन के 18-इंच अलॉय व्हील्स इसे दमदार रोड प्रेजेंस देते हैं।
अंदर की बात करें तो केबिन में बड़े बदलाव देखने को मिलते हैं। अब इसमें 10.3-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, जो वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो सपोर्ट करता है। पार्किंग को आसान बनाने के लिए 360-डिग्री कैमरा दिया गया है। इसके अलावा टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) और 8-स्पीकर साउंड सिस्टम जैसे फीचर्स इसे पहले से ज्यादा फीचर-लोडेड बनाते हैं।
इंजन, पावर और सुरक्षा फीचर्स
मैकेनिकल सेटअप में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें वही 1.9-लीटर टर्बोचार्ज्ड डीजल इंजन मिलता है, जो 161 bhp की पावर और 360 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन विकल्प के साथ आता है। शिफ्ट-ऑन-द-फ्लाई 4WD सिस्टम स्टैंडर्ड दिया गया है, जिससे चलते-चलते ड्राइव मोड बदला जा सकता है यह फीचर ऑफ-रोडिंग के शौकीनों के लिए खास है।
सुरक्षा के मोर्चे पर भी कंपनी ने कोई समझौता नहीं किया है। 2026 V-Cross में 6 एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), ट्रैक्शन कंट्रोल और हिल डिसेंट कंट्रोल जैसे महत्वपूर्ण सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। कुल मिलाकर, 2026 Isuzu V-Cross अब ज्यादा प्रीमियम, टेक-फोकस्ड और ऑफ-रोड तैयार अवतार में सामने आई है, जो लाइफस्टाइल पिक-अप सेगमेंट में अपनी मजबूत पहचान बनाए रखने की कोशिश करेगी।

