द लोकतंत्र/ रायपुर : Chhattisgarh Budget 2026 छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को राज्य के समग्र और संतुलित विकास की दिशा में निर्णायक कदम बताया है। उन्होंने प्रदेशवासियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह बजट ‘विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़’ के निर्माण की मजबूत आधारशिला साबित होगा। सरकार के अनुसार, यह तीसरा बजट नए विधानसभा भवन में प्रस्तुत किया गया है, जो राज्य के दीर्घकालिक विकास विजन को और अधिक सशक्त करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। किसानों, गरीबों, युवाओं, महिलाओं और आदिवासी समाज के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने भरोसा जताया कि यह बजट राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएगा।
‘संकल्प’ थीम पर आधारित 1.72 लाख करोड़ का बजट
वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने विधानसभा में 1.72 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जो ‘संकल्प’ (SANKALP) थीम पर आधारित है। इसका उद्देश्य समावेशी विकास, बुनियादी ढांचे को गति देना और निवेश को प्रोत्साहन देना है। इससे पहले सरकार का पहला बजट ‘ज्ञान’ (गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी) और दूसरा बजट ‘गति’ (सुशासन, अवसंरचना, प्रौद्योगिकी, औद्योगिक विकास) थीम पर आधारित था।
बजट में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। रानी दुर्गावती योजना के तहत 18 वर्ष पूर्ण करने वाली बालिकाओं को 1.5 लाख रुपये देने का प्रावधान किया गया है। बस्तर के अबूझमाड़ और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी के लिए 100 करोड़ रुपये और कुनकुरी, मनेंद्रगढ़ तथा दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए 50 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
खेल और संस्कृति को बढ़ावा देने हेतु बस्तर और सरगुजा ओलंपिक के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान है। बस्तर नेट परियोजना के लिए पांच करोड़ रुपये देकर डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत किया जाएगा। इंद्रावती नदी पर मतनार और देउरगांव बैराज निर्माण के लिए 2,024 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश प्रस्तावित है।
निवेश, रोजगार और कनेक्टिविटी पर जोर
राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 23 नए औद्योगिक पार्क स्थापित करने हेतु 250 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरगुजा के मैनपाट में पर्यटन विकास के लिए पांच करोड़ रुपये रखे गए हैं। साथ ही जगदलपुर और अंबिकापुर में हवाई सेवाओं के विस्तार से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह बजट ‘सुशासन से समृद्धि’ मॉडल को मजबूत करेगा और राज्य को आत्मनिर्भरता तथा आर्थिक प्रगति के नए चरण में पहुंचाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट छत्तीसगढ़ को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।

