द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : Exit Poll 2026 देश के पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव 2026 के मतदान संपन्न होने के बाद एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आ गए हैं। बुधवार, 29 अप्रैल 2026 को पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के साथ चुनाव प्रक्रिया पूरी हो गई। एग्जिट पोल के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है। वहीं केरल में कांग्रेस नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की सरकार बनती दिख रही है, जबकि तमिलनाडु में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की DMK गठबंधन की वापसी के संकेत मिल रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में ममता सरकार पर संकट, BJP बहुमत के करीब
पश्चिम बंगाल में इस बार दो चरणों में मतदान कराया गया। 15 वर्षों से सत्ता में काबिज मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) इस बार एग्जिट पोल में कमजोर दिखाई दे रही है। कई सर्वे एजेंसियों ने BJP को स्पष्ट बहुमत के करीब या उससे आगे दिखाया है। मैट्रिज ने BJP को 146-161 सीटें, TMC को 125-140 सीटें दी हैं, जबकि चाणक्य स्ट्रैटजीज ने BJP को 150-160 सीटों का अनुमान जताया है। प्रजा पोल्स ने सबसे बड़ा दावा करते हुए BJP को 178-208 सीटें तक मिलने की संभावना जताई है। हालांकि पीपल्स पल्स के आंकड़े TMC की वापसी की ओर इशारा कर रहे हैं।
असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में क्या कह रहे एग्जिट पोल?
असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में BJP की सत्ता में वापसी लगभग तय मानी जा रही है। मैट्रिज, Axis My India और पोल डायरी जैसे सर्वे BJP को 85 से 100 सीटों के बीच दिखा रहे हैं, जबकि कांग्रेस 15 से 36 सीटों तक सीमित रह सकती है।
तमिलनाडु में DMK गठबंधन एक बार फिर सत्ता में लौटता दिख रहा है। मैट्रिज और चाणक्य स्ट्रैटजीज के सर्वे में DMK को बहुमत मिलता नजर आ रहा है। हालांकि इंडिया टुडे-Axis My India के एग्जिट पोल ने थलापति विजय की TVK को 98-120 सीटें देकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाला UDF गठबंधन सत्ता की ओर बढ़ता दिख रहा है। अधिकतर एजेंसियों ने UDF को 70 से 90 सीटों के बीच दिखाया है, जबकि वामपंथी LDF 49 से 65 सीटों तक सिमट सकता है। BJP को यहां खाता खोलने की मामूली संभावना जताई गई है। वहीं पुडुचेरी में BJP गठबंधन स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाता नजर आ रहा है। प्रजा पोल और इंडिया टुडे-Axis My India दोनों ने BJP+ को 16 से 25 सीटों तक मिलने का अनुमान लगाया है।
एग्जिट पोल के ये आंकड़े फिलहाल संभावनाएं भर हैं। असली तस्वीर मतगणना के दिन ही साफ होगी। लेकिन फिलहाल के रुझानों ने देश की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। खासकर पश्चिम बंगाल में BJP और TMC के बीच मुकाबला राष्ट्रीय राजनीति की दिशा तय कर सकता है।

