द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : Rajasthan नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। अब तक घोषित 10,210 वार्डों के परिणामों में बीजेपी ने 4,171 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस के खाते में 3,597 वार्ड आए हैं। राज्य में बीजेपी की इस सफलता के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने इस जीत पर कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता को बधाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान नगर निकाय चुनाव के परिणामों को सत्य की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह जनादेश झूठ की गूंज के सामने सत्य की विजय का प्रमाण है। पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान की जनता ने डबल इंजन सरकार की सुशासन और विकास आधारित नीतियों पर भरोसा जताया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह जनसमर्थन राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने और आम लोगों के जीवन में खुशहाली लाने के संकल्प को और मजबूत करेगा। प्रधानमंत्री ने सभी विजयी प्रत्याशियों के साथ-साथ बीजेपी के मेहनती और समर्पित कार्यकर्ताओं को भी शुभकामनाएं दीं।
अमित शाह और राजनाथ सिंह ने बताया जनता के विश्वास की जीत
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान में बीजेपी की जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और प्रदेश की बीजेपी सरकार के सुशासन पर जनता की मुहर है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार प्रदेश को कुशासन और भ्रष्टाचार से मुक्त कर विकास को गति देने का काम कर रही है। अमित शाह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और पार्टी के सभी मेहनती कार्यकर्ताओं को इस जीत का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता का आशीर्वाद राज्य को विकसित बनाने के संकल्प को और मजबूती देगा।
वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राजस्थान नगर निकाय चुनाव में बीजेपी को मिला जनसमर्थन यह साबित करता है कि विकास और सुशासन का दूसरा नाम भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों, पारदर्शी प्रशासन और जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता के भरोसे की अभिव्यक्ति बताया।
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी चुनावी जीत पर राजस्थान की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने भ्रम फैलाने वालों को नकारते हुए विकास, सुशासन और जनकल्याण की नीतियों के पक्ष में अपना फैसला दिया है।
उदयपुर, भीलवाड़ा और कोटा में बीजेपी का दबदबा, कई जगह कांग्रेस आगे
नगर निकाय चुनाव के प्रमुख परिणामों की बात करें तो बीजेपी ने उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों में से 53 पर जीत दर्ज की। भीलवाड़ा के 70 वार्डों में बीजेपी 45 सीटों पर विजयी रही, जबकि कोटा नगर निगम के 100 वार्डों में पार्टी ने 53 सीटों पर कब्जा जमाया। इन शहरों में बीजेपी ने स्पष्ट बढ़त हासिल की है। हालांकि, कुछ नगर निकायों में कांग्रेस का प्रदर्शन भी बेहतर रहा। बीकानेर में कांग्रेस ने बीजेपी को पीछे छोड़ा। अजमेर और पाली में भी कांग्रेस ने बीजेपी से अधिक वार्डों पर जीत दर्ज की। अजमेर के 80 वार्डों में कांग्रेस 37 सीटों पर, बीजेपी 32 और निर्दलीय उम्मीदवार 11 वार्डों में विजयी रहे।
जोधपुर में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। यहां दोनों दलों ने 44-44 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि 10 वार्ड निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में गए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में निर्दलीय प्रत्याशियों का दबदबा रहा। भरतपुर के 65 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार 36 सीटों पर विजयी या आगे रहे। बीजेपी को 20 और कांग्रेस को सात वार्डों में सफलता मिली।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के गृह शहर पाली में भी कांग्रेस ने बढ़त बनाई। यहां कांग्रेस ने 29, बीजेपी ने 21 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 15 वार्डों में जीत दर्ज की। राज्यभर में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी महत्वपूर्ण प्रदर्शन किया है। अब तक निर्दलीयों ने 2,272 वार्डों में जीत दर्ज की है। ऐसे में कई नगर निकायों में बोर्ड गठन के दौरान निर्दलीय उम्मीदवार निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। राज्य में कुल 10,244 वार्डों के लिए मतगणना हुई, जिनमें से शाम 5:45 बजे तक 10,210 वार्डों के परिणाम घोषित किए जा चुके थे।




