द लोकतंत्र/उज्जैन: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन में Road Widening को लेकर रविवार को तनाव की स्थिति बन गई। कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई को लेकर शाही मस्जिद के पास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इसी दौरान पुलिस पर कथित पथराव के बाद स्थिति बिगड़ गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।
Road Widening के रास्ते में आ रहा है धार्मिक स्थल
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर तक Road Widening करने की योजना है। प्रशासन के अनुसार, सड़क निर्माण में बाधा बन रहे करीब 60 धार्मिक स्थलों में से अधिकांश को हटाया जा चुका है। हालांकि, शाही मस्जिद और खड़े हनुमान मंदिर के पास स्थित मजार को लेकर पिछले कुछ दिनों से विरोध और तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन की संभावित कार्रवाई की सूचना के बाद शनिवार रात से ही मुस्लिम समाज के लोग शाही मस्जिद परिसर और आसपास के क्षेत्र में जुटने लगे। रविवार को भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए कंठाल-गोपाल मंदिर मार्ग पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी गई।
करीब 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात
तनाव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया है। जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ करीब 2 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों की भी तैनाती की गई है। रविवार को Road Widening प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों द्वारा पुलिस पर कथित तौर पर पथराव किए जाने के बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बाद कुछ समय के लिए इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही।
रात में मस्जिद कमेटी से बनी थी सहमति
बताया जा रहा है कि शनिवार रात पुलिस-प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच बातचीत हुई थी। सहमति के बाद मुस्लिम समाज के लोग Road Widening की जद में आ रहे मस्जिद के हिस्से को स्वयं हटाने के लिए तैयार हुए थे। हालांकि, बाद में कुछ लोगों ने इसका विरोध किया और मस्जिद के बाहर बड़ी संख्या में जमा होकर हंगामा शुरू कर दिया।
मस्जिद के प्रभावित हिस्से पर हाईकोर्ट में सुनवाई
Road Widening से शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को बचाने के लिए मुस्लिम समाज की ओर से इंदौर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। मामले में सोमवार को महत्वपूर्ण सुनवाई होनी है। ऐसे में प्रशासन की अगली कार्रवाई अदालत के आदेश पर भी निर्भर करेगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
CM मोहन यादव ने अपने पैतृक मकान से शुरू किया Road Widening
इससे पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को अब्दालपुरा स्थित अपने पैतृक मकान पर खुद गेती चलाकर सिंहस्थ-2028 के लिए सड़क चौड़ीकरण अभियान की शुरुआत की। खजूर वाली मस्जिद से जीवाजीगंज थाने तक सड़क को 32 फीट चौड़ा किया जाना है।
मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना के बाद अपने पैतृक मकान नंबर 180 पर हथौड़ा चलाकर उसे हटाने की प्रक्रिया शुरू की। प्रशासन के मुताबिक, इस मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले स्थानीय लोगों ने भी अपने मकानों का हिस्सा पीछे हटाकर परियोजना में सहयोग किया है।
272 मकानों से जुड़ा है Road Widening प्रोजेक्ट
अब्दालपुरा क्षेत्र में खजूर वाली मस्जिद से जीवाजीगंज थाने के बीच करीब 272 मकान हैं। यहां हिंदू, मुस्लिम और बोहरा समुदाय के लोग रहते हैं। Road Widening के लिए स्थानीय निवासियों की ओर से स्वेच्छा से अपने मकानों का हिस्सा हटाने की बात कही गई है। सिंहस्थ 2028 को देखते हुए उज्जैन में सड़क, यातायात और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। शाही मस्जिद से जुड़ा विवाद इसी व्यापक सड़क चौड़ीकरण अभियान के बीच सामने आया है। फिलहाल प्रशासन की नजर सोमवार को होने वाली हाईकोर्ट की सुनवाई पर है।
यह भी पढ़े-
Parvesh Verma Slap Case: थप्पड़ विवाद में घिरे प्रवेश वर्मा; युवक पर पहले से FIR, AAP का प्रदर्शन




