द लोकतंत्र/ रायपुर : छत्तीसगढ़ के सीएम Vishnu Deo Sai ने बुधवार को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने के बाद सफल विद्यार्थियों को बधाई दी और बड़ी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बोर्ड परीक्षा में टॉप करने वाले छात्र-छात्राओं को राज्य सरकार की ओर से 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह घोषणा रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान की गई।
छत्तीसगढ़ बोर्ड रिजल्ट 2026 का इंतजार कर रहे लाखों विद्यार्थियों के लिए यह दिन बेहद खास रहा। इस वर्ष कक्षा 10वीं और 12वीं के नतीजे शानदार रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि हाई स्कूल यानी 10वीं का कुल परिणाम 77.15 प्रतिशत रहा, जबकि हायर सेकेंडरी यानी 12वीं का परिणाम 83.04 प्रतिशत दर्ज किया गया। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके माता-पिता और शिक्षकों को भी इस उपलब्धि का श्रेय दिया।
बेटियों ने फिर मारी बाजी, दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों ने बढ़ाया मान
मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि इस बार भी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी है। उन्होंने कहा कि यह बेटियों के आत्मविश्वास, परिश्रम और बढ़ती शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतीक है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों का प्रावीण्य सूची में स्थान बनाना इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती।
सीएम ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता और समावेशी विकास लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता को मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये छात्र-छात्राएं केवल अपने परिवार का ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश का गौरव हैं।
असफल छात्रों को भी दिया हौसला
मुख्यमंत्री ने उन विद्यार्थियों को भी संदेश दिया जिन्हें इस बार अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाए। उन्होंने कहा कि ऐसे छात्र निराश न हों और आत्मविश्वास बनाए रखें। सकारात्मक सोच और लगातार मेहनत से सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने कहा कि असफलता अंत नहीं, बल्कि सीखने और आगे बढ़ने का अवसर है।
वहीं, Arun Sao ने भी 10वीं और 12वीं में सफल छात्रों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी इस बार सफल नहीं हो पाए हैं, वे अगले प्रयास में दोगुनी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। छत्तीसगढ़ बोर्ड रिजल्ट 2026 ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। अब टॉपर्स को मिलने वाली 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि छात्रों को और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।

