द लोकतंत्र / देवरिया/ प्रभाष विश्वकर्मा : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने Deoria जिले के सलेमपुर और भाटपाररानी विधानसभा क्षेत्रों को बड़ी विकास सौगात दी। मझौलीराज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब ₹305 करोड़ की लागत वाली 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र और सहायता राशि भी वितरित की। साथ ही विकास कार्यों एवं सरकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने देवरिया की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रवादी विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार विकास और जनकल्याण को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवरिया में सड़क और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। बाईपास और फ्लाईओवर का निर्माण, सिंगल लेन सड़कों को डबल लेन, डबल लेन को फोर लेन और फोर लेन सड़कों को सिक्स लेन में अपग्रेड करने का काम जारी है। इससे क्षेत्र में आवागमन बेहतर होने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज से शिक्षा तक विकास पर जोर, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर
सीएम योगी ने देवरिया मेडिकल कॉलेज को क्षेत्र की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इसका नाम महर्षि देवराहा बाबा के नाम पर रखा गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र के साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कंपोजिट विद्यालयों के निर्माण, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के उच्चीकरण और ऑपरेशन कायाकल्प के तहत स्कूलों में सुधार किए जा रहे हैं।
युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निशुल्क कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को सरकारी नौकरी के साथ स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रही है। विभिन्न विभागों में भर्ती, पुलिस और होमगार्ड में नियुक्तियों के साथ उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ने के लिए पात्र विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, एमएसएमई और ओडीओपी जैसी योजनाओं के माध्यम से अपना कारोबार शुरू करने वाले युवाओं को सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस पर नियंत्रण के लिए किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार, रोकथाम और स्वच्छता से जुड़े उपायों के जरिए बीमारी और इससे होने वाली मौतों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है।
सीएम ने कहा कि सुशासन का मतलब गरीबों तक राशन, बिजली, आवास और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने 27 से 29 अगस्त तक महिलाओं को यूपी रोडवेज की बसों में दी गई विशेष निःशुल्क यात्रा सुविधा का भी उल्लेख किया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में देवरिया में सड़क, बिजली और सिंचाई सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को गति मिली है। वहीं ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने सलेमपुर क्षेत्र में हुए सड़क, पुल, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े विकास कार्यों को सरकार की उपलब्धि बताया। कार्यक्रम में विभिन्न विधायक, पूर्व सांसद, भाजपा पदाधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की।



