द लोकतंत्र/ पटना : Pappu Yadav द्वारा राजनीति में काम करने वाली महिलाओं को लेकर दिए गए विवादित बयान पर सियासत तेज हो गई है। इस बयान के बाद अब Bharatiya Janata Party विधायक Maithili Thakur ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। रविवार को गया में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने पप्पू यादव की टिप्पणी को बेहद अभद्र और महिलाओं का अपमान करने वाला बताया।
मैथिली ठाकुर ने कहा कि वह खुद ऐसे परिवार से आती हैं, जहां राजनीति में जाने से पहले माहौल और सुरक्षा जैसे पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया जाता है। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने उन्हें राजनीति में आने के लिए भरोसा करके ही प्रेरित किया था। ऐसे में किसी भी नेता द्वारा महिलाओं पर इस तरह का बयान देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि पप्पू यादव ने महिला नेताओं पर बहुत बड़ा लांछन लगाया है और ऐसे लोगों को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि माफी मांग लेने से भी इतनी बड़ी टिप्पणी को आसानी से भुलाया नहीं जा सकता, क्योंकि इससे महिलाओं की गरिमा को गहरी ठेस पहुंची है।
‘90% क्यों कहा, 100% ही बोल देते’… मैथिली ठाकुर ने उठाए सवाल
Maithili Thakur ने पप्पू यादव के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी मानसिकता साफ झलकती है। उन्होंने कहा कि पप्पू यादव ने 90 प्रतिशत महिलाओं को लेकर टिप्पणी की, तो 10 प्रतिशत क्यों छोड़ा? 100 प्रतिशत ही बोल देते। उनका कहना था कि ऐसा बयान समाज में महिलाओं के प्रति गलत संदेश देता है।
मैथिली ठाकुर ने यह भी सवाल उठाया कि जब पप्पू यादव के अपने घर में Ranjeet Ranjan जैसी महिला नेता हैं, तो फिर वह पूरे समाज की महिलाओं के बारे में इस तरह की टिप्पणी कैसे कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी राजनीति के स्तर को गिराती है और महिलाओं के सम्मान पर सीधा हमला है।
पप्पू यादव के बयान के बाद बिहार की राजनीति में यह मुद्दा गरमा गया है। भाजपा समेत कई दलों के नेताओं ने इसे महिलाओं का अपमान बताया है और कार्रवाई की मांग की है। आने वाले दिनों में यह विवाद और गहरा सकता है।

