द लोकतंत्र/ वाराणसी : पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में आयोजित मंडल संसदीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक में Deoria लोकसभा क्षेत्र से जुड़े रेल विकास, यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना के विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई। सांसद शशांक मणि के प्रतिनिधि एवं ओएसडी Abhishek Pandey ‘रूपक’ ने बैठक में भाग लेते हुए क्षेत्र की जनभावनाओं और विकास से जुड़े 21 प्रमुख मुद्दों को रेलवे प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा। बैठक में विभिन्न संसदीय क्षेत्रों के सांसदों के साथ पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
अभिषेक पांडेय ‘रूपक’ ने बताया कि सांसद शशांक मणि के निर्देशानुसार देवरिया के नागरिकों की सुविधाओं और क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए रेलवे से जुड़े कई प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। बैठक में रेलवे प्रशासन का रवैया सकारात्मक रहा और अधिकांश मांगों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। विशेष रूप से अहिल्यापुर में मालगोदाम स्थानांतरित करने की स्वीकृति को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस निर्णय से देवरिया रेलवे स्टेशन के आसपास लगने वाले जाम और प्रदूषण की समस्या में कमी आने की उम्मीद है। रेलवे प्रशासन ने इसके लिए मास्टर प्लान तैयार कर क्रियान्वयन प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।
Deoria में रेल ओवरब्रिज, अंडरपास और नई ट्रेनों को लेकर बनी सहमति
बैठक में औरा चेरी, गोविंदपुर तथा पड़री रेलवे क्रॉसिंग पर रेल ओवरब्रिज (ROB) अथवा अंडरपास निर्माण के प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। रेलवे और लोक निर्माण विभाग (PWD) की तकनीकी टीमों को संयुक्त निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं, जिसके बाद तकनीकी स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इसके अलावा कुशीनगर क्षेत्र में भी अंडरपास और रेलवे ढालों से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का आश्वासन दिया गया।
नई ट्रेनों के संचालन और रेल मार्ग विस्तार के मुद्दे भी बैठक के केंद्र में रहे। सीवान-गोरखपुर लोकल ट्रेन, छपरा-नई दिल्ली नियमित ट्रेन, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस का अयोध्या धाम तक विस्तार तथा बिहार संपर्क क्रांति के रूट डायवर्जन जैसे प्रस्तावों को रेलवे बोर्ड स्तर पर भेजने और आगे बढ़ाने की बात कही गई। इन परियोजनाओं के पूरा होने से पूर्वांचल और बिहार के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
Deoria स्टेशन के सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर
बैठक में देवरिया रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार और स्टेशन परिसर के बेहतर प्रबंधन पर भी चर्चा हुई। मालगोदाम के स्थानांतरण के बाद स्टेशन के आधुनिकीकरण और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकास कार्यों को और गति मिलने की संभावना जताई गई। इसके साथ ही स्टेशन के निकट स्थित मछली और मीट बाजार को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए जिला प्रशासन और रेलवे के बीच समन्वय स्थापित करने पर सहमति बनी।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डाउन लाइन साइड में नए जनरल टिकट काउंटर, पैदल यात्री गेट तथा दुर्दी क्षेत्र में बंद पड़े आरक्षण काउंटर को पुनः शुरू करने के प्रस्ताव पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। अभिषेक पांडेय ‘रूपक’ ने कहा कि सांसद शशांक मणि का लक्ष्य देवरिया को आधुनिक रेल सुविधाओं से जोड़ना और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेलवे प्रशासन के सहयोग से क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगें जल्द पूरी होंगी।

