द लोकतंत्र/ हिमांशु दुबे : सुबह आंख खुलते ही मोबाइल हाथ में आ जाता है। Instagram की Reels, Snapchat की Stories और Facebook की Posts देखते-देखते दिन की शुरुआत होती है। किसी की विदेश यात्रा, किसी की नई कार, किसी की ड्रीम जॉब और किसी की लग्जरी लाइफस्टाइल देखकर ऐसा लगता है मानो दुनिया में हर कोई खुश और सफल है। लेकिन क्या वास्तव में ऐसा है? यही सवाल आज की युवा पीढ़ी को सबसे ज्यादा परेशान कर रहा है।
सोशल मीडिया ने लोगों को जोड़ने का काम तो किया है, लेकिन इसके साथ उसने तुलना, दिखावे और मानसिक दबाव की एक नई संस्कृति भी पैदा कर दी है। लोग अपनी जिंदगी के सबसे अच्छे पलों को दुनिया के सामने रखते हैं, जबकि संघर्ष, तनाव और असफलताएं कैमरे के पीछे छूट जाती हैं। यही वजह है कि सोशल मीडिया की दुनिया और वास्तविक जीवन के बीच एक बड़ा अंतर दिखाई देता है।
FOMO: जब दूसरों की सफलता अपनी असफलता लगने लगे
आज की Gen Z के बीच सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला शब्द है FOMO यानी ‘Fear of Missing Out’। सोशल मीडिया पर लगातार दूसरों की सफलता, रिश्ते, यात्राएं और उपलब्धियां देखकर कई युवाओं को लगता है कि वे जीवन की दौड़ में पीछे छूट रहे हैं। युवा मोहम्मद फरहान अहमद का मानना है कि सोशल मीडिया ने युवाओं में जल्द सफलता पाने की इच्छा को बढ़ा दिया है। उनके अनुसार, आज लोग कंटेंट क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स की रातों-रात मिली सफलता को देखकर धैर्य खो रहे हैं। उन्हें हर चीज जल्दी चाहिए, लेकिन जब वास्तविक जीवन में वैसी सफलता नहीं मिलती तो निराशा और हताशा बढ़ जाती है। यही जल्दबाजी कई बार मानसिक तनाव और आत्मविश्वास की कमी का कारण बन जाती है।
Perfect Life Syndrome: जो दिखता है, वह पूरी सच्चाई नहीं होती
Instagram की दुनिया में सब कुछ परफेक्ट दिखाई देता है। खूबसूरत तस्वीरें, खुशहाल रिश्ते और शानदार जीवनशैली। लेकिन वास्तविकता इससे कहीं अलग होती है। हिना नाज कहती हैं, हम सोशल मीडिया पर वह जिंदगी दिखाते हैं जो हम जीना चाहते हैं, न कि वह जो हम वास्तव में जी रहे होते हैं। लोग सैकड़ों तस्वीरों में से एक परफेक्ट तस्वीर चुनते हैं, फिल्टर लगाते हैं और अपनी जिंदगी का सबसे खूबसूरत हिस्सा दुनिया को दिखाते हैं। लेकिन पर्दे के पीछे वही संघर्ष, वही तनाव और वही समस्याएं मौजूद होती हैं जो हर व्यक्ति के जीवन का हिस्सा हैं। उनके अनुसार सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली यह “परफेक्ट लाइफ” कई युवाओं में हीन भावना और असंतोष पैदा कर रही है।
लाइक्स, कमेंट्स और Validation का खेल
सोशल मीडिया केवल संवाद का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह मान्यता पाने का भी एक मंच बन गया है। लाइक्स, कमेंट्स और फॉलोअर्स अब कई लोगों के आत्मविश्वास को प्रभावित करने लगे हैं।
लोग अपनी पोस्ट पर आने वाली प्रतिक्रियाओं के आधार पर खुद को आंकने लगते हैं। कुछ समय के लिए मिलने वाला डिजिटल अटेंशन खुशी तो देता है, लेकिन धीरे-धीरे व्यक्ति उसी का आदी हो जाता है। इसके बाद वह अपनी जिंदगी का केवल वही हिस्सा दिखाने लगता है जो लोगों को आकर्षित करे।
हजारों फॉलोअर्स, फिर भी अकेलापन क्यों?
सोशल मीडिया का सबसे बड़ा विरोधाभास यही है कि लोग पहले से ज्यादा जुड़े हुए दिखाई देते हैं, लेकिन पहले से ज्यादा अकेलापन महसूस कर रहे हैं। हिमांक द्विवेदी का मानना है कि सोशल मीडिया पर हजारों दोस्तों के बावजूद वास्तविक अपनापन कम होता जा रहा है। वे कहते हैं, लोग अपनी मुस्कुराती तस्वीरें साझा करते हैं, लेकिन दिल की परेशानियां अक्सर छिपा लेते हैं। ऑनलाइन रिश्तों की चमक के पीछे भावनात्मक दूरी लगातार बढ़ रही है। कई लोग घंटों ऑनलाइन रहने के बावजूद अपनी बात खुलकर किसी से नहीं कह पाते। यही कारण है कि डिजिटल रूप से जुड़े होने के बावजूद भावनात्मक अकेलापन बढ़ता जा रहा है।
Influencer Culture और Career Expectations
आज सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स युवाओं के लिए नए रोल मॉडल बन चुके हैं। उनकी लग्जरी लाइफस्टाइल, ब्रांड डील्स और ग्लैमरस जीवनशैली देखकर कई युवाओं को लगता है कि सफलता बहुत आसान है।
जोहरा अंजुम मानती हैं कि सोशल मीडिया करियर के लिए अवसर भी देता है और चुनौतियां भी पैदा करता है। उनके अनुसार, LinkedIn, Instagram और YouTube जैसे प्लेटफॉर्म नई स्किल्स सीखने और नेटवर्किंग के अच्छे साधन हैं, लेकिन कई इन्फ्लुएंसर्स ड्रीम जॉब और सफलता को बहुत आसान बनाकर दिखाते हैं। इससे युवाओं की अपेक्षाएं बढ़ जाती हैं और बाद में निराशा पैदा होती है। यानी सोशल मीडिया अवसरों का मंच है, लेकिन उसे वास्तविकता समझ लेना खतरनाक हो सकता है।
युवाओं की नजर में सोशल मीडिया का असर
आयुषी सिंह स्वीकार करती हैं कि वे सोशल मीडिया पर कंटेंट क्रिएटर्स से प्रभावित होती हैं। उनके अनुसार, उनका ड्रेसिंग सेंस, लाइफस्टाइल और वे जो चीजें इस्तेमाल करते हैं, उन्हें देखकर कई बार मेरा भी मन वैसा ही जीवन जीने का करता है। कभी-कभी उनकी जिंदगी देखकर अपनी जिंदगी साधारण और बोरिंग लगने लगती है। आयुषी का अनुभव आज के हजारों युवाओं का अनुभव है, जो रोज सोशल मीडिया पर दूसरों की जिंदगी देखकर खुद को आंकते हैं।
विशेषज्ञ क्या कहते हैं?
सोशल मीडिया विशेषज्ञ डॉ. गणपत तेली मानते हैं कि दिखावा कोई नई चीज नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया ने उसे बड़े स्तर पर पहुंचा दिया है। उनके अनुसार, लोगों को दूसरों की सफलता देखकर खुद को कमतर नहीं समझना चाहिए। हमें दो लोगों की सफलता नहीं, बल्कि अपने प्रयासों पर ध्यान देना चाहिए। सोशल मीडिया एक प्लेटफॉर्म है, उसे हमारे ऊपर हावी नहीं होना चाहिए। ऑनलाइन दोस्त और वास्तविक दोस्त अलग होते हैं। असली साथ वही होता है जो मुश्किल समय में आपके साथ खड़ा रहे।
वे यह भी कहते हैं कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल जागरूकता और संतुलन के साथ किया जाए तो यह सीखने, नेटवर्किंग और पेशेवर विकास का बड़ा माध्यम बन सकता है।
Highlight Reel बनाम Real Life
सोशल मीडिया की दुनिया में दिखने वाली जिंदगी अक्सर एक Highlight Reel होती है, पूरी कहानी नहीं। हर मुस्कुराती तस्वीर के पीछे संघर्ष हो सकता है और हर सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत। समस्या सोशल मीडिया नहीं है, बल्कि वह तुलना है जो हम अनजाने में दूसरों की जिंदगी देखकर अपने साथ करने लगते हैं।
इस डिजिटल दौर में शायद सबसे जरूरी बात यही है कि हम सोशल मीडिया को प्रेरणा का माध्यम बनाएं, तुलना का नहीं। क्योंकि जिंदगी किसी Reel की तरह एडिट नहीं होती। वास्तविक जीवन की खुशी लाइक्स, कमेंट्स और फॉलोअर्स से नहीं, बल्कि आत्मसंतोष, रिश्तों और वास्तविक अनुभवों से मिलती है।



