Advertisement Carousel
National

Mahoba BJP Controversy: महिला पूर्व जिला मंत्री के गंभीर आरोपों से महोबा बीजेपी में मचा सियासी भूचाल

Mahoba BJP Controversy: Political Upheaval Rocks Mahoba BJP Following Serious Allegations by Former Women's Wing District Secretary

द लोकतंत्र/ लखनऊ : Mahoba BJP Controversy उत्तर प्रदेश के महोबा में सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के भीतर उस समय बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया, जब पार्टी की एक महिला पूर्व जिला मंत्री ने जिला अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। महिला नेता का दावा है कि उन्हें जिला उपाध्यक्ष पद देने के बदले शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला गया। इस आरोप के सामने आने के बाद पार्टी संगठन में हड़कंप मच गया है और मामला अब पुलिस अधीक्षक तक पहुंच चुका है। वहीं दूसरी ओर जिला अध्यक्ष ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश और उनकी छवि खराब करने की कोशिश बताया है।

नई कार्यकारिणी गठन के बाद बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी की नई जिला कार्यकारिणी के गठन के बाद से ही संगठन के भीतर असंतोष की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि यह असंतोष उस वक्त खुलकर सामने आया जब महिला पूर्व जिला मंत्री ने सोशल मीडिया पर फेसबुक लाइव कर अपनी आपबीती साझा की। महिला ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने जिला उपाध्यक्ष पद की मांग की, तो जिला अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने उनके सामने आपत्तिजनक शर्त रखी। आरोप है कि उन्होंने महिला को दिल्ली और लखनऊ साथ चलने का प्रस्ताव दिया और उनकी बात न मानने पर पद से हटाने व पार्टी से बाहर करने की धमकी दी।

महिला नेता ने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी के दो अन्य पदाधिकारी—एक जिला महामंत्री और एक जिला उपाध्यक्ष—भी उन पर जिला अध्यक्ष की बात मानने का दबाव बना रहे थे। महिला ने कहा कि वह वर्षों से पार्टी के लिए समर्पण के साथ काम कर रही थीं, लेकिन जब उनके पति को झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी गई, तब उन्होंने अपनी बात सार्वजनिक करने का फैसला लिया।

एसपी से शिकायत, बीजेपी नेताओं की चुप्पी

पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपा है। उन्होंने कहा कि मोहनलाल कुशवाहा ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया और ‘हम बिस्तर’ होने की मांग की। मना करने पर उन्हें धमकाया गया। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है।

इस पूरे विवाद पर बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने चुप्पी साध रखी है, जबकि विपक्ष ने इसे महिला सम्मान और पार्टी संगठन में महिलाओं की स्थिति से जोड़कर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। विपक्षी दलों का कहना है कि महिला सशक्तिकरण की बात करने वाली बीजेपी के भीतर ही महिलाओं के साथ इस तरह का व्यवहार चिंताजनक है।

जिलाध्यक्ष ने आरोपों को बताया निराधार, समर्थन में उतरे संगठन

वहीं बीजेपी जिला अध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत बताया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रहे आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है और यह उनकी राजनीतिक छवि खराब करने की सुनियोजित साजिश है।

इस बीच योगी आदित्यनाथ युवा ब्रिगेड भी जिला अध्यक्ष के समर्थन में सामने आ गई है। संगठन के जिला अध्यक्ष नीरज पांडे ने कहा कि सोशल मीडिया पर की जा रही टिप्पणियां बेहद आपत्तिजनक हैं और पूरा संगठन मोहनलाल कुशवाहा के साथ खड़ा है। वहीं कुशवाहा महासभा के जिला अध्यक्ष अनिल कुशवाहा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय पहुंचे और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि आरोप झूठे साबित होते हैं तो आरोप लगाने वाली महिला के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

महोबा में इस विवाद ने बीजेपी की अंदरूनी कलह को सार्वजनिक कर दिया है। अब सभी की नजरें पार्टी हाईकमान और पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि इस मामले में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।

यह भी पढ़ें – AAP के 7 सांसदों के BJP में जाने पर सियासी घमासान, Sanjay Singh ने सदस्यता रद्द करने की उठाई मांग

Team The Loktantra

Team The Loktantra

About Author

लोकतंत्र की मूल भावना के अनुरूप यह ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां स्वतंत्र विचारों की प्रधानता होगी। द लोकतंत्र के लिए 'पत्रकारिता' शब्द का मतलब बिलकुल अलग है। हम इसे 'प्रोफेशन' के तौर पर नहीं देखते बल्कि हमारे लिए यह समाज के प्रति जिम्मेदारी और जवाबदेही से पूर्ण एक 'आंदोलन' है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like

Sanjay Singh AAP
National

राज्यसभा सांसद संजय सिंह क्यों हुए निलंबित, क्या है निलंबन के नियम

द लोकतंत्र : आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को सोमवार को उच्च सदन (राज्यसभा) में हंगामा और
HSBC
National

HSBC की रिपोर्ट में महंगाई का संकेत, 5 फीसदी महंगाई दर रहने का अनुमान

द लोकतंत्र : HSBC की रिपोर्ट में महंगाई के संकेत मिले हैं। एचएसबीसी ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि गेहूं